MD न्यूज़ रिपोर्टर संदीप बाजपेई
फरधान -खीरी। लखीमपुर-मोहम्मदी मार्ग पर रतसिया गांव के पास गुरुवार देर रात करीब 9 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे गन्ने से लदी खड़ी तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में मोहम्मदी की ओर से आ रहे भूसी भरे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों ट्रैक्टर और उनकी ट्रॉलियां पलट गईं। हादसे में एक ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई, जबकि ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सड़क पर गन्ना बिखरने से लखीमपुर-मोहम्मदी मार्ग पर लंबा जाम लग गया।

हादसे में लोनपुरवा निवासी नरेंद्र कुमार (32) पुत्र हरिराम गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें एंबुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरधान पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं ट्रक चालक भी दुर्घटना में घायल हो गया, जिसे सीएचसी में भर्ती कराया गया। ट्रक चालक अपना नाम और पता नहीं बता सका।

हादसे के बाद आसपास के गांवों में अफरा-तफरी मच गई। रतसिया गांव के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। गन्ने के नीचे लोगों के दबे होने की आशंका के चलते ग्रामीणों ने तत्काल गन्ना हटाना शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोडर की मदद से सड़क पर बिखरे गन्ने को हटवाने का काम शुरू कराया, ताकि यातायात बहाल किया जा सके।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित बाजपेई ने बताया कि दुर्घटना के बाद नरेंद्र कुमार को एंबुलेंस से अस्पताल लाया गया था, जहां जांच के दौरान उनकी मौत हो चुकी थी। एक अन्य घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
क्रेशर की अव्यवस्थाओं को लेकर ग्रामीणों का हंगामा
हादसे के बाद रतसिया क्रेशर पर गन्ना खरीद व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों का आरोप है कि क्रेशर पर गन्ना खरीद में मनमानी के चलते किसानों को सड़क पर ही ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लंबी कतार लगाकर खड़ा होना पड़ता है। जबकि 10 बीघे का खेत क्रेशर का जिसको ठेके बटाई दिया हुआ है जिससे ट्रैक्टर ट्रालियां रोड पर ही खड़ी होती हैं ।इससे लखीमपुर-मोहम्मदी मार्ग पर आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
रतसिया गांव के आनंद शुक्ला, देवेंद्र, ललित, सुमित सहित अन्य ग्रामीणों का कहना है कि क्रेशर प्रबंधन की अव्यवस्थित व्यवस्था के कारण किसानों को परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क किनारे गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खड़ी होने के कारण ही यह हादसा हुआ।
घटना के बाद ग्रामीणों ने क्रेशर मालिक को मौके पर बुलाने की मांग को लेकर हंगामा किया और पुलिस के सामने सड़क जाम करने का प्रयास किया। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी राजबहादुर ने ग्रामीणों को समझाया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्रेशर पर गन्ना खरीद की व्यवस्था दुरुस्त कराई जाए और सड़क पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की कतार लगने से रोका जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सकेI
