महेवागंज में आयोजित बैठक में लिखित सुलहनामा तैयार, भविष्य में एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी न करने का लिया अहद

रिपोर्ट:- मोहम्मद अशफाक

*गोला गोकर्णनाथ, लखीमपुर खीरी। कस्बा कुकरा की खुशनुमा मस्जिद के इमाम कारी अबरार हुसैन और कस्बे के तैबा नगर स्थित मदरसे के प्रबंधक कारी सआदत रसूल अमानती के बीच लंबे समय से चले आ रहे इस्लामी मतभेद और एक-दूसरे पर लगाए जा रहे आरोपों का मामला आखिरकार सुलह तक पहुंच गया। तंजीम उलमा-ए-अहले सुन्नत, लखीमपुर खीरी की मध्यस्थता में दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया।

उलमा-ए-तनजीम की ओर से सोशल मीडिया पर वायरल किए गए वीडियो के अनुसार, बीते गुरुवार को जनपद के महेवागंज में उलमा की मौजूदगी में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों पक्षों के आरोपों और आपत्तियों पर विचार-विमर्श के बाद लिखित सुलहनामा तैयार किया गया। सुलहनामे को पढ़कर सुनाए जाने के बाद दोनों कारियों ने अपनी सहमति जताते हुए उस पर हस्ताक्षर किए।

सुलहनामे के मुताबिक, कारी अबरार हुसैन द्वारा पूर्व में कारी सआदत रसूल के खिलाफ इस्तेमाल किए गए आपत्तिजनक शब्दों तथा कारी अबरार हुसैन पर लगाए गए आरोपों के संबंध में दोनों पक्षों को सार्वजनिक रूप से तौबा करने और कलमा पढ़ने का निर्णय सुनाया गया।

वहीं, पुराने कब्रिस्तान परिसर में लगभग 50 वर्ष पूर्व निर्मित मस्जिद में नमाज कायम करने के मामले पर भी स्थिति स्पष्ट की गई। सुलहनामे में उल्लेख किया गया कि वहां नमाज पढ़ना बंद कर दिया गया है, जबकि पूर्व में अदा की गई नमाजों को दोबारा अदा करने और तौबा करने का निर्णय लिया गया।

इसके अलावा, कारी अबरार हुसैन की तस्वीर पर फूल चढ़ाने से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में कारी सआदत रसूल अमानती ने वायरल पोस्ट से खुद को अलग किया।

बैठक के दौरान दोनों कारियों ने उलमा की मौजूदगी में सार्वजनिक रूप से तौबा करते हुए कलमा-ए-अव्वल, कलमा-ए-शहादत और कलमा-ए-तौहीद पढ़ा। साथ ही भविष्य में इस विवाद को लेकर एक-दूसरे के खिलाफ किसी भी तरह की बयानबाजी नहीं करने का संकल्प लिया।

उलमा-ए-तनजीम की मध्यस्थता से हुए इस लिखित समझौते की जानकारी संगठन की ओर से सोशल मीडिया पर वीडियो के माध्यम से साझा की गई है। इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में लंबे समय से चले आ रहे विवाद के समाप्त होने की उम्मीद जताई जा रही है।

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *