
सूरज गुप्ता
सिद्धार्थनगर। राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियन्त्रण कार्यक्रम के अन्तर्गत विशेष संचारी रोग नियन्त्रण एवं दस्तक अभियान तथा संचारी रोगों पर प्रभावी नियन्त्रण के सम्बन्ध में जिलाधिकारी डा0 राजा गणपति आर0 की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह की उपस्थिति में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने सम्बन्धित समस्त विभागीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप संचारी रोग नियन्त्रण अभियान दिनांक 01 जुलाई 2025 से 31 जुलाई 2025 जिसमें 11 जुलाई से 31 जुलाई 2025 तक दस्तक अभियान चलाया जायेगा। दिमागी बुखार एवं अन्य संक्रामक रोगों के सम्बन्ध में व्यापक जन-जागरूकता हेतु दिनांक 11 जुलाई से 31 जुलाई 2025 के मध्य दस्तक अभियान आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रशिक्षित स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर जाकर इन बीमारियों के बचाव तथा उपचार के सम्बन्ध में लोगों को जानकारी देगें। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि संचारी रोग के बचाव हेतु एएनएम, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशिक्षिण दिलाया जाये, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाये। जिलाधिकारी ने सम्बन्धित अधिकारी को निर्देश दिया कि फ्रंटलाइन वर्कर्स आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकत्री दिमागी बुखार, क्षय रोग, कुष्ठ रोग, फाइलेरिया एवं कालाजार रोगों के लक्षणयुक्त व्यक्तियों को चिन्हित करते हुये उनका का नाम, पता एवं मोबाइल नम्बर सहित सम्पूर्ण विवरण ई-कवच पोर्टल पर अपलोड करायें। स्टाप डायरिया कैम्पेन के अन्तर्गत फ्रन्टलाइन वर्कर्स अपने साथ ओआरएस पैकेट एवं क्लोरीन की गोलियां भी रखेगें, जिससे लक्षणयुक्त व्यक्ति को तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकें। दस्तक अभियान तथा संचारी रोग नियन्त्रण अभियान में आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्री की पूर्ण भागीदारी सुनिश्चित की जायें। आशा कार्यकत्री द्वारा भ्रमण किये जाने वाले प्रत्येक परिवार के सदस्यों का आभा आईडी बनाकर परिवार के सदस्यों को उपलब्ध कराया जाये। जिलाधिकारी ने समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत को निर्देश दिया कि नगरीय क्षेत्रों में अभियान चलाकर साफ-सफाई कराये तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई कराने हेतु जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिया गया। इसके साथ ही साथ स्कूलों, नगर निकाय व ग्रामीण क्षेत्रों में संचारी रोग के लक्षण एवं बचाव के बारें में जागरूक करें। स्कूलों के आस-पास झाड़ियों की सफाई करना सुनिश्चित करायें। शौचालय का उपयोग करने हेतु लोगो को जागरूक करें। नालियों की साफ-सफाई एवं दवाओें का छिड़काव कराने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने विकास खण्ड डुमरियागंज में प्रशिक्षण नही हुआ था, जिस पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान 01 जुलाई 2025 से 31 जुलाई 2025 तक आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान को प्रभावी रूप से भूमिका निभाने के लिए आशा, ऑगनबाड़ी एवं एएनएम, स्कूली शिक्षक, ग्राम प्रधान की अहम भूमिका है। उन्होने बताया कि इस अभियान के अन्तर्गत दिमागी बुखार, क्षय रोग, कुष्ठ रोग, फाइलेरिया एवं कालाजार रोगों के लक्षणयुक्त रोगियों को निकटवर्ती सरकारी अस्पताल में भेजकर त्वरित एवं सही उपचार कराने के लिए विशेष बल दिये जाने की आवश्यक्ता है। इस बैठक में उपरोक्त के अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा0 एके झा, दस्तक/संचारी रोग प्रभारी डा0 अमित शर्मा, डा0 समीर सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी पवन कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक अरूण कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेष कुमार, समस्त खण्ड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत, समस्त एमओआईसी तथा अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित थे।
