
बढ़नी एनएच-730 पर ट्रकों का जमावड़ा, लोगों ने किया वैकल्पिक पार्किंग की मांग
- सड़क के दोनों किनारों पर खड़े वाहन बन रहे सड़क दुर्घटनाओं का कारण।
सूरज गुप्ता
बढ़नी/सिद्धार्थनगर।
राष्ट्रीय राजमार्ग -730 बढ़नी पर नेपाल जाने वाले ट्रकों का सड़क के दोनों किनारों पर जमावड़ा दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है। इन वाहनों के खड़े होने से ओवरटेक करने वालों और बाइक सवारों को हादसे का खतरा है। नहर से बढनी पेट्रोल पम्प तक खड़े ट्रक ओवरटेक में बाधा डाल रहे हैं। इससे दोपहिया, तिपहिया और पैदल यात्री खतरे में हैं। भंसार में देरी के कारण ट्रक वैकल्पिक पार्किंग के अभाव में सड़क पर ही खड़े हो जाते हैं। यह समस्या यातायात को बाधित कर रही है और लोगों के जीवन के लिए भी खतरा बन रही है। स्थानीय निवासी जावेद आलम, सलमान, कलाम अहमद और निसार अहमद ने प्रशासन से इस समस्या का तत्काल समाधान करने की मांग की है। उन्होंने ट्रकों के लिए वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था करने पर जोर दिया है। उनका कहना है कि अगर समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो भविष्य में गम्भीर दुर्घटनाएं हो सकती हैं। नागरिकों ने सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने की भी मांग की है। प्रशासन से अपेक्षा है कि वह इस समस्या पर गम्भीरता से विचार करें और जल्द से जल्द समाधान निकालें।
