पड़रिया तुला में कई दिनों से भूखे-प्यासे घायल पशु को बचाया, अब स्वस्थ हो रहा

लखीमपुर खीरी।विकास खण्ड बिजुआ में लखीमपुर-भीरा राज्य मार्ग पर पड़रिया तुला बालाजी मंदिर के पास एक घायल बेसहारा पशु को बालाजी पावन धाम के अध्यक्ष अमित मिश्रा ने नई जिंदगी दी है। फेसबुक पर घायल पशु की जानकारी मिलते ही अमित तुरंत मौके पर पहुंचे।

पशु की स्थिति गंभीर थी। उसके सभी पैरों में घाव थे। चल न पाने के कारण वह कई दिनों से भूखा-प्यासा था। अमित ने सबसे पहले पशु को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर रखा। तीन दिन की कड़ी मेहनत के बाद अब पशु खाना-पीना शुरू कर चुका है। उसके घाव भी भर रहे हैं।

इससे पहले भी अमित ने एक दुर्घटनाग्रस्त गाय की देखभाल की थी। उस गाय ने दुर्घटना में अपनी टांग खो दी थी। अमित ने उसके रहने और खाने की व्यवस्था की, लेकिन उसे बचा नहीं पाए।

अमित किसी भी घायल बेसहारा पशु को देखते ही अपना काम छोड़कर उसकी मदद के लिए आगे आ जाते हैं। कई बार वे खुद भी पशुओं के आक्रमण से घायल हुए हैं। लेकिन इसकी परवाह किए बिना वे निरंतर पशु सेवा में लगे रहते हैं। उनकी इस सेवा भावना की क्षेत्र में सराहना होती है।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *