बाराबंकी से क्राइम प्रभारी विशाल गुप्ता की रिपोर्ट

बाराबंकी (जैदपुर)। जैदपुर थाना क्षेत्र के गुजरन पुरवा मजरा बलछत में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि और वर्तमान कोटेदार महादेव रावत (55) का शव गांव के बाहर पेड़ से लटका मिला।

सुबह करीब 7 बजे ग्रामीणों ने शव देखा और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक के दामाद विमल कुमार ने बताया कि शुक्रवार को महादेव रावत का अपने बेटे से विवाद हुआ था। विवाद के दौरान बेटे ने राशन वितरण की मशीन भी तोड़ दी थी। इसकी जानकारी मृतक ने 112 नंबर पर पुलिस को दी थी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराया था।

अगली ही सुबह महादेव रावत का शव पेड़ से लटका मिला। ग्रामीणों के अनुसार, मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

जैदपुर थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि होगी।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *