रिपोर्टर – मुन्ताज अली
वाराणसी। थाना कपसेठी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम मझियार पुलिया के पास से दूध के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में चाकू से हमला करने वाले दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अदद चाकू बरामद किया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम—
- अनीत सिंह उर्फ रिपू सिंह, पुत्र राम प्यारे, निवासी ग्राम भिटकुरी, थाना कपसेठी, जनपद वाराणसी (उम्र लगभग 45 वर्ष)।
- मिहीर सिंह उर्फ गोलू सिंह, पुत्र दुर्गेश सिंह, निवासी ग्राम भरहूपुर, थाना नेवढियाँ, जनपद जौनपुर, हालपता ग्राम भिटकुरी, थाना कपसेठी, जनपद वाराणसी (उम्र लगभग 25 वर्ष)।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्तगण के विरुद्ध मु0अ0सं0–160/2025, धारा 191(2)/352/115(2)/118(1)/109(1) भा.दं.सं. (बी.एन.एस.) के तहत कार्रवाई की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि वादी, जो दूध के क्रय-विक्रय का कार्य करते हैं, की तहरीर के अनुसार सुबह उनका पुत्र हिमांशु प्रजापति दूध देने रिपू सिंह के घर गया था। उस समय रिपू सिंह, जो सामान्यतः शाम को दूध खरीदते थे, सुबह ही दूध मांगने लगे। वादी के पुत्र द्वारा शाम को देने की बात कहने पर रिपू सिंह नाराज़ होकर गाली-गलौज करने लगे।
इसी बात को लेकर शाम लगभग 6 बजे अनीत सिंह उर्फ रिपू सिंह, मिहीर सिंह उर्फ गोलू सिंह एवं तीन अज्ञात व्यक्ति वादी की दुकान पर पहुंचे और वहाँ रखी टमाटर व मिर्च काटने वाली छुरी से वादी व उसके पुत्र पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया।
हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना कपसेठी पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई जारी है।
