हरदोई, 23 नवम्बर 2025

आज रविवार दिनांक 23 नवम्बर 2025 को जनपद के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर, प्रा० स्वा० केन्द्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेला का आयोजन किया गया | इन मेलों का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लोगों को उनके घर के पास ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है | मेलों में मरीजों का परीक्षण करते हुए उनको निःशुल्क उपचार, टीकाकरण सेवाएँ भी प्रदान की गयीं | बदलते मौसम के कारण सर्दी, खांसी, जुकाम, बुखार और त्वचा रोगों से सम्बन्धित मरीजों की संख्या मेले में अधिक रही | मेले में आये रोगियों को पैथोलाजिकल जांच और रैपिड डायग्नोस्टिक किट आधारित जांच की सुविधा भी प्रदान की गयी | जन आरोग्य मेले में लाभार्थियों के आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड बनाये एवं लाभार्थियों को वितरित किये गये |

प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जनपद में आयोजित मेलों में कुल 77 चिकित्सकों एवं 280 पैरामेडिकल कर्मचारियों द्वारा कुल 3174 मरीजों को स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क उपचार की सेवाएँ प्रदान की गई, इनमें से 1432 पुरुष, 1267 महिला एवं 475 बच्चों को इलाज प्रदान किया गया | जनपद के समस्त उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला मलेरिया अधिकारी एवं जिला कम्युनिटी प्रॉसेस मैनेजर द्वारा उनके आवंटित क्षेत्रों में मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का निरीक्षण किया गया । अगले रविवार को भी मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का आयोजन किया जाएगा | अतः सभी ग्रामीण एवं शहरी जनमानस से यह अपील है, कि वह अधिक से अधिक संख्या में मुख्यमंत्री आरोग्य मेला में पहुँच कर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त करें |

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed