MD NEWS बहु आयामी समाचार संवाददाता मुनेश कुमार सहसवान बदायूं।
बदायूं। जरीफनगर थाने से पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ सिलिंडर चोरी का आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। शनिवार देर रात करीब तीन बजे पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी देर रात अपने घर जा रहा था, तभी पुलिस ने पीछा कर उसे दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान टिकाऊ उर्फ प्रिंस उर्फ मिथुन निवासी वार्ड नंबर एक, नगर पंचायत दहगवां के रूप में हुई है। उस पर दहगवां चौराहे के पास स्थित पेट्रोल पंप की रसोई से गैस सिलिंडर चोरी करने का आरोप है।
सीसीटीवी में कैद हुई थी चोरी की वारदात
पेट्रोल पंप मैनेजर महिपाल ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। चोरी की पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई थी। इसी मामले में पुलिस शुक्रवार को आरोपी को पूछताछ के लिए जरीफनगर थाने लेकर आई थी।

टॉयलेट जाने के बहाने सिपाही को दिया चकमा
शुक्रवार रात आरोपी ने टॉयलेट जाने का बहाना बनाकर सिपाही को चकमा दे दिया। उसने हथकड़ी से बंधी रस्सी की सिलाई खोलकर खुद को अलग किया और बिना जंगले वाले रोशनदान से बाहर निकलकर फरार हो गया। काफी देर तक आरोपी के वापस न आने पर सिपाही ने दरवाजा खुलवाया तो वह गायब मिला। इसके बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई और उसकी तलाश शुरू कर दी गई।
मुखबिर की सूचना पर रात तीन बजे दबोचा
काफी तलाश के बाद शनिवार रात करीब तीन बजे पुलिस को आरोपी के घर जाने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने तत्काल पीछा कर उसे गिरफ्तार कर लिया। एसपी देहात डॉ. ह्रदेश कठेरिया ने बताया कि आरोपी पुलिस रिकॉर्ड में दाखिल नहीं था। उसे केवल पूछताछ के लिए थाने लाया गया था। उसके खिलाफ सिलिंडर चोरी का मुकदमा दर्ज है और अब उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
