रामपुर। 1 दिसंबर से शुरू हो रहे संसद सत्र में रामपुर के सांसद मोहिबुल्लाह नदवी किसानों की समस्याओं को संसद के पटल पर उठाएंगे। सांसद प्रतिनिधि अथर अली खां ने बताया कि खास तौर पर यूरिया और फास्फेटिक खाद की कालाबाजारी, नकली बीज की बिक्री और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से जुड़े मुद्दे प्रमुख रूप से उठाए जाएंगे।

सांसद इन दिनों जनपद भ्रमण पर हैं और गांव-गांव जाकर किसानों से सीधे संवाद कर रहे हैं। उन्होंने किसानों की समस्याओं को गहराई से समझने के बाद ही संसद में इन्हें उठाने का निर्णय लिया है।
सपा नेता एवं तराई किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजिंदर सिंह विर्क ने कहा कि किसान अपनी धान की फसल आज एमएसपी से काफी कम कीमत पर बेचने को मजबूर हैं। लागत लगातार बढ़ रही है, लेकिन उनकी उपज का सही मूल्य नहीं मिल पा रहा। खरीद केंद्रों की व्यवस्था भी कमजोर है और कोई उनकी सुध लेने वाला नहीं है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि सांसद नदवी की पहल से किसानों के लिए उचित मूल्य सुनिश्चित करने, खाद्य सामग्री की कालाबाजारी रोकने और नकली बीजों पर नियंत्रण में सरकार ठोस कदम उठाएगी। रामपुर के किसानों के लिए यह कदम राहत की बड़ी उम्मीद बन गया है।
