अमेठी जनपद के जामो थाना क्षेत्र के खुशियालगढ़ मजरे पूरे चितई में रविवार की शाम हुए सड़क हादसे में घायल हुई 13 वर्षीय आलिया बानो ने इलाज के दौरान आज मंगलवार को दम तोड़ दिया। हादसे में आलिया की तीन भतीजियां,नगमा 10 वर्ष उजमा 08 वर्ष और फिजा 07 वर्ष भी गंभीर रूप से घायल हुई थीं। बताया जा रहा है कि चारों बच्चियां घर के बाहर मौजूद थीं, तभी शराब के नशे में धुत एक बाइक सवार ने उन सभी को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। गंभीर हालत में सभी को अस्पताल ले जाया गया, जहां दो दिन तक मौत से लड़ने के बाद आलिया ने दम तोड़ दिया, घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
पीड़ित पक्ष के मोहम्मद शाहरुख पुत्र मोहम्मद अमीन ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि एक अज्ञात नंबर की बाइक के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसकी बहन आलिया को जोरदार टक्कर मारी, जिससे उसकी मौत हो गई। इसी दुर्घटना में उसकी तीन भतीजियां भी घायल हैं, जिनका इलाज जारी है।
इस संबंध में जामो थाना प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जांच में बाइक चालक की पहचान साहब लाल पुत्र श्यामलाल निवासी बख्तावर सिंह का पुरवा, मजरे भीखीपुर थाना जामो के रूप में की गई है। खिलाफ आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में नशे में वाहन चलाने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिन पर रोक लगाने के लिए पुलिस को कड़ी कार्रवाई करने की जरूरत है।
