उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

रिपोर्टर प्रदीप पाण्डेय बदायूं

बदायूँ : 10 दिसम्बर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में अधिकारियों के साथ विकास व कानून व्यवस्था आदि की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को गंभीरतापूर्वक व निष्ठा से कार्य करने के लिए कहा उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत विकसित भारत बन जाएगा तथा उत्तर प्रदेश भी विकसित उत्तर प्रदेश होगा।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जिस विभाग की शिकायत प्राप्त हो उसकी जांच के आदेश उसी अधिकारी को न दिए जाएं। उन्होंने संपूर्ण समाधान दिवस व थाना समाधान दिवस आदि पर प्राप्त शिकायतों का गंभीरतापूर्वक निस्तारण करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि ऐसी कोई समस्या नहीं है जिसका निस्तारण व समाधान नहीं किया जा सकता हो। उन्होंने शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता व रैंकिंग की स्थिति की जानकारी लेते हुए शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता व समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि चकमार्ग पर अवैध कब्जे व सरकारी जमीनों पर कब्जे की शिकायतें लखनऊ तक आती हैं इसलिए अधिकारी शिकायतों को गंभीरतापूर्वक लें। उन्होंने कहा कि चकमार्ग पर अवैध कब्जे की शिकायतों के लिए विशेष अभियान चलाकर इसका निस्तारण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अमृत सरोवरो को जगमग किया जाए यह सरकार का एक महत्वपूर्ण कार्य है।उन्होंने सीमांकन कराने के आवेदनों की जानकारी ली। जिस पर जिलाधिकारी ने बताया कि 90 दिन से पुराना कोई मामला लंबित नहीं है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार के मामलों का निस्तारण पूरी गंभीरता से किया जाए। उपमुख्यमंत्री ने धान खरीद की स्थिति की जानकारी लेते हुए क्रय केन्द्रों का औचक निरीक्षण कराए जाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि भारत सरकार द्वारा आकांक्षात्मक ब्लॉक के रूप में देश के 500 ब्लॉकों के लिए 6 जोन बनाए गए हैं, जिसमें द्वितीय जोन में पंजाब व उत्तर प्रदेश के लगभग 85 ब्लॉक हैं, इनमें से डेल्टा रैंकिंग में जनपद बदायूँ के अम्बियापुर ब्लॉक को द्वितीय पुरस्कार मिला है, जिसके तहत इस ब्लॉक को एक करोड़ रुपए की धनराशि विकास कार्यां के लिए अलग से दी जाएगी। उप मुख्यमंत्री ने ब्लॉक अम्बियापुर के चुने जाने पर अधिकारियों को बधाई दी तथा खण्ड विकास अधिकारी अम्बियापुर शैली गोविल व केन्द्र सरकार के शोधार्थी आशीष वर्मा को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed