उत्तर प्रदेश सहायक क्राइम प्रभारी-विशाल गुप्ता
लखीमपुर खीरी।
शहर के प्रतिष्ठित विलोबी मैदान में नगर पालिका परिषद, लखीमपुर एवं क्रीड़ा भारती के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित “लखीमपुर खेल महोत्सव सीजन-2” का भव्य शुभारम्भ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि सदर विधायक मा० श्री योगेश वर्मा तथा विशिष्ट अतिथि अपर पुलिस अधीक्षक श्री पवन गौतम ने दीप प्रज्वलन एवं फीता काटकर किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को अनुशासन, समर्पण और टीम भावना का प्रतीक बताया।
खेल महोत्सव के प्रथम दिवस की शुरुआत आदर्श मूक-बधिर विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम से हुई, जिसने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। इसके उपरांत बालिका वर्ग के क्रिकेट मुकाबलों का आयोजन किया गया। पहला मैच बालिका विद्या मंदिर एवं सी०बी० सिंह गौड के मध्य खेला गया, जिसमें बालिका विद्या मंदिर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 विकेट से जीत दर्ज की। इस मैच में महक राठौर को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, रूचि को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक, रागिनी को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज घोषित किया गया, जबकि मैन ऑफ द मैच का खिताब कोमल शर्मा को प्रदान किया गया।
बालिका वर्ग का दूसरा मुकाबला डॉन बास्को एवं लॉ मटीना के मध्य खेला गया, जिसमें डॉन बास्को ने दमदार खेल दिखाते हुए 9 विकेट से विजय हासिल की। इस मैच में गौरी सिंह चौहान को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज, खुशी को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, पीहू को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक चुना गया तथा मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार अस्मित को मिला।
इसके बाद बालक वर्ग का पहला क्रिकेट मैच यश क्रिकेट क्लब एवं महेवा इलेवन क्रिकेट के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में यश क्रिकेट क्लब ने पांच विकेट से जीत दर्ज की। मैच में आयुष सिंह तोमर को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज, यजुवेन्द्र को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, अमन को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक घोषित किया गया, जबकि मैन ऑफ द मैच का खिताब हिमांशु को प्रदान किया गया।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी श्री संजय कुमार, क्रीड़ा भारती के जिला अध्यक्ष श्री कपिल श्रीवास्तव, खेल महोत्सव के संयोजक श्री आशीष सिंह चौहान, इंजी० दुर्गेश वर्मा, कनिष्क बरनवाल सहित नगर पालिका के समस्त सभासदगण, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। खेल महोत्सव के आगामी दिनों में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।


