*दिनांक 15.12.2025 *जनपद रामपुर*
आज दिनांक 15.12.2025 को पुलिस सभागार, रिजर्व पुलिस लाइन, जनपद रामपुर में पुलिस उपमहानिरीक्षक, मुरादाबाद परिक्षेत्र, मुरादाबाद मुनीराज जी की अध्यक्षता में मिशन शक्ति केन्द्रों के संचालन एवं महिला अपराधों से सम्बन्धित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुपालन की समीक्षा हेतु एक विस्तृत समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया ।
एमडी न्यूज़ बहुआयामी समाचार न्यूज़ चैनल
सहायक ब्यूरो चीफ रफीउल्लाह खान की स्पेशल रिपोर्ट

उक्त गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक, रामपुर, अपर पुलिस अधीक्षक, रामपुर, समस्त राजपत्रित अधिकारी, समस्त थाना प्रभारीगण एवं थानों पर नियुक्त मिशन शक्ति केन्द्र के समस्त प्रभारीगण उपस्थित रहे । गोष्ठी के दौरान थानों में स्थापित मिशन शक्ति केन्द्रों के प्रभावी संचालन हेतु पुलिस के उत्तरदायित्वों की समीक्षा की गई तथा महिला अपराधों से सम्बन्धित SOP में प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुरूप की जा रही कार्यवाही पर विस्तृत चर्चा की गई ।
समीक्षा गोष्ठी में समस्त थाना प्रभारीगण एवं मिशन शक्ति केन्द्र प्रभारीगण द्वारा मिशन शक्ति केन्द्र से सम्बन्धित महत्वपूर्ण रजिस्टर जैसे— महिला हेल्प डेस्क प्रार्थना पत्र रजिस्टर,काउंसलिंग रजिस्टर, फीडबैक/फॉलोअप रजिस्टर,निरीक्षण पुस्तिका/मासिक गोश्वारा रजिस्टर, महिला बीट रजिस्टर प्रस्तुत किए गए, जिनका अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए ।
पुलिस उपमहानिरीक्षक महोदय द्वारा महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने, पीड़ित महिलाओं को त्वरित एवं संवेदनशील सहायता प्रदान करने तथा SOP का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि मिशन शक्ति केन्द्रों का नियमित निरीक्षण, अभिलेखों का सुव्यवस्थित रख-रखाव एवं जनसामान्य में जागरूकता अभियान निरंतर जारी रखा जाए ।
गोष्ठी के अंत में पुलिस अधीक्षक, रामपुर द्वारा समस्त अधिकारियों एवं थाना प्रभारीगण को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में महिला अपराधों की रोकथाम एवं पीड़िताओं को त्वरित न्याय दिलाने हेतु पूर्ण निष्ठा एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें ।
