MD News बहुआयामी समाचार चैनल जिला ब्यूरो चीफ वेद प्रकाश राजपूत जनपद अयोध्या

अयोध्या जनपद में पुलिस ने अपराध और लापरवाही के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर के निर्देशों पर, क्षेत्राधिकारी रुदौली आशीष निगम ने शनिवार देर शाम थाना पटरंगा में अर्दली कक्ष आयोजित किया। इस दौरान उन्होंने अपराध नियंत्रण की कमान संभाली और निरीक्षक व उपनिरीक्षकों को स्पष्ट संदेश दिया कि अब न तो अपराधियों को बख्शा जाएगा और न ही लापरवाही सहन की जाएगी।

अर्दली कक्ष के दौरान, सीओ रुदौली ने लंबित विवेचनाओं, वांछित अपराधियों और जनशिकायतों की गहन समीक्षा की। उन्होंने सभी मामलों का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी कहा कि हर प्रकरण की प्रगति की नियमित रूप से निगरानी की जाएगी और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी तथा प्रभावी कार्रवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

सीओ आशीष निगम ने सख्त लहजे में कहा कि थाना क्षेत्र में अपराध पर पूर्ण नियंत्रण पुलिस की जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विवेचना या जनशिकायत के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आई, तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों को किसी भी सूरत में राहत नहीं मिलेगी।

उन्होंने पुलिसकर्मियों को फरियादियों के साथ संवेदनशील और मानवीय व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए। थाने पर आनेवाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को गंभीरता से सुनने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ तुरंत निर्णायक कार्रवाई करने पर जोर दिया गया। इन कड़े आदेशों से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है, जिससे यह साफ संदेश गया है कि अब अपराध और लापरवाही दोनों पर जीरो टॉलरेंस की नीति लागू होगी और जिम्मेदारी तय कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *