MD न्यूज़ बहुआयामी समाचार/मोहम्मद अशफाक

गोला गोकर्णनाथ खीरी।
लगातार हो रहे सड़क हादसों के बावजूद ओवरलोड और ओवरहाइट गन्ना वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है। जिम्मेदार विभागों की लापरवाही के चलते नियमों को ताक पर रखकर भारी वाहन सड़कों पर बेखौफ दौड़ रहे हैं, जिससे आमजन की जान जोखिम में है। हालिया घटनाएं इस गंभीर समस्या की भयावह तस्वीर सामने रख रही हैं और सवाल खड़ा कर रही हैं कि आखिर प्रशासन किसी बड़े हादसे के इंतजार में क्यों है।

बीते दिनों गन्ना मिल के पास एक ओवरलोड ट्रक ने साइकिल सवार को कुचल दिया था, जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इसी कड़ी में गुरुवार शाम एक और दर्दनाक हादसा सामने आया। थाना हैदराबाद की अज़ान चौकी क्षेत्र अंतर्गत अज़ान-घरथनिया मार्ग पर अज़ान कस्बे के पास तालाब के निकट तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दो चचेरे भाइयों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवकों के दाहिने कंधे से हाथ अलग हो गए और वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना पर पहुंची 112 पुलिस ने घायलों को गोला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सुमित कुमार (19) पुत्र रमेश कुमार निवासी इमलिया को मृत घोषित कर दिया। दूसरे युवक गोविंद (21) पुत्र राजेंद्र की हालत नाजुक होने पर उसे ओयल ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया। बताया गया कि दोनों युवक बाजार से काम निपटाकर घर लौट रहे थे, तभी पीछे से आ रहे डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक डंपर लेकर फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण आक्रोशित हो गए। गुस्साए लोगों ने मौके से गुजर रहे एक अन्य डंपर को रोककर तोड़फोड़ शुरू कर दी। सूचना पर पहुंचे हैदराबाद थानाध्यक्ष सुनील कुमार मलिक ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और यातायात बहाल कराया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि गन्ना सत्र के दौरान ओवरलोड और ओवरहाइट वाहनों की संख्या बढ़ जाती है, लेकिन परिवहन विभाग और पुलिस की ओर से न तो नियमित जांच होती है और न ही सख्त कार्रवाई। जनता ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे वाहनों पर तत्काल रोक लगाई जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में निर्दोष लोगों की जान बचाई जा सके।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed