
एम डी न्यूज़ वेद प्रकाश राजपूत ब्यूरो चीफ अयोध्या की रिपोर्ट
जिले के रुदौली तहसील क्षेत्र के बहापुर मजरे भवानीपुर गांव से 15 वर्षीय दीपेश कुमार के लापता होने का मामला सामने आया है। वह बुधवार सुबह अपनी बहन को स्कूल छोड़ने के बाद से घर वापस नहीं लौटा है, जिससे परिवार में चिंता का माहौल है।
परिजनों के अनुसार, दीपेश सुबह करीब 9 बजे अपनी बहन को बदलेपुर स्थित मनीराम माधव राम स्कूल छोड़ने गया था। स्कूल से लौटने के बाद वह घर आया, लेकिन कुछ ही देर में अचानक कहीं चला गया और तब से उसका कोई पता नहीं चल सका है। परिवार के लोगों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में काफी तलाश की, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला।
दीपेश के पिता दिनेश कुमार, निवासी बहापुर मजरे भवानीपुर, पोस्ट मीरमऊ, तहसील रुदौली ने स्थानीय थाने में गुमशुदगी की तहरीर दे दी है। एसआई शोरब सिंह ने बताया कि पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए तलाश में जुटी है और संभावित स्थानों पर छानबीन की जा रही है।
परिवार ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को दीपेश कुमार के बारे में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस या परिजनों को सूचित करें, ताकि उसे सुरक्षित घर वापस लाया जा सके।
