जनपद मथुरा के कस्बा बाजना के पास गाँव सद्दीकपुर में तारीख 12- 01- 2026 दिन सोमवार को विधायक राजेश चौधरी की माता जी के निधन पर आयोजित ब्रह्मभोज में लाखों की भीड़ श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंची और भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान सहित दर्जनों मंत्रियों, विधायकों, सांसदों और भाजपा संगठन के बड़े-बड़े पदाधिकारियों के अतिरिक्त जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने भी वहां पहुंचकर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।बताते चलें कि विधायक राजेश चौधरी ने अपनी माताजी के निधन पर सोमवार को अपने पैतृक गांव सद्दीकपुर स्थित महाराजा सूरजमल फार्म हाउस पर श्रद्धांजलि सभा एवं ब्रह्मभोज का कार्यक्रम रखा था। इस कार्यक्रम में मथुरा, अलीगढ़, हाथरस के अतिरिक्त राजस्थान के भरतपुर और डीग जिले को भी आमंत्रित किया गया था। व्यापक स्तर पर इस कार्यक्रम की तैयारी की गई थी। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए पुलिस फोर्स तैनात किया गया था और विभिन्न थानों का पुलिस फोर्स व्यवस्थाओं को अंजाम देता हुआ नजर आया। सुबह 10:00 बजे से ही पुलिस की हूटर बजाती हुई गाड़ियां और वीआईपी मूवमेंट नजर आने लगा। भंडारा सुबह 10:00 बजे प्रारंभ हुआ और देर रात्रि तक लोग प्रसाद ग्रहण करने आते रहे। कयास लगाया जा रहा है कि करीब 2 लाख लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। मुख्य मार्गों के अलावा कार्यक्रम स्थल की ओर जाने वाले सम्पर्क मार्गों व खेतों की पगडंडियों पर होकर भी लोगों की भीड़ चली आ रही थी। इतना ही नहीं अपराह्न 3:00 तक तो ब्रह्मभोज लक्खी मेले में तब्दील हो गया। जिधर नजर घुमाओ उधर जन सैलाब ही जन सैलाब दिखाई दिया। रात्रि को 11:30 बजे तक वीआईपी मूवमेंट चलता रहा। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने विधायक की माताजी के चित्रपट पर अर्पित कर कहा कि मां की ममता का कोई मोल नहीं है। इस दुनिया में कोई भी व्यक्ति मां-बाप के ऋण से उऋण नहीं हो सकता। माताजी की पुण्य आत्मा आज जहां से भी इस भव्य कार्यक्रम को देख रही होगी वह निश्चित रूप से अपने पुत्रों पर गौरव महसूस कर रही होगी। इनके अतिरिक्त दिल्ली सरकार के गृहमंत्री आशीष सूद, केंद्रीय मंत्री SP सिंह बघेल, पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ संजीव बालियान, अलीगढ़ सांसद सतीश गौतम, बुलंदशहर सांसद डॉ भोला सिंह, हाथरस सांसद अनूप प्रधान, प्रदेश के कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख, महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान, छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, जम्मू कश्मीर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष पवन खजुरिया, आसाम बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रणव बरुआ, बिहार भाजपा के प्रदेश मंत्री संतोष रंजन राय, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय मयूख, अमेठी विधायक राकेश प्रताप सिंह, बिल ग्राम हरदोई से विधायक आशीष सिंह, राजेश गौतम विधायक सुल्तानपुर, विधायक मेघ श्याम सिंह,पूरन प्रकाश आदि राजनीतिक हस्तियां दिखाई दी। कार्यक्रम में सैकड़ों विधायक व सांसदों ने भाग लिया। दोपहर करीब 2:00 बजे डीएम चंद्र प्रकाश सिंह, एसएसपी श्लोक कुमार,नगर आयुक्त जग प्रवेश, सीडीओ मनीष मीणा सहित जिले का पूरा प्रशासनिक अमला भी श्रद्धा सुमन अर्पित करने पहुंचा। देर शाम को आगरा पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार भी पहुंचे। देर रात्रि 11:30 बजे प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह भी वहां कई विधायकों के साथ पहुंचे। सिकंदरा विधायक लक्ष्मीराज सिंह एवं भाजपा उत्तर प्रदेश के कद्दावर नेता चंद्रमोहन सिंह सहित कई VIP भारी भीड़ होने के कारण अपना काफिला छोड़कर जनता के साथ किलो मीटरों से पैदल चलते नजर आए। कार्यक्रम के अंत में विधायक राजेश चौधरी ने सभी आगंतुक अतिथियों का आभार जताया और इस विशाल भंडारे में जी-जान से मेहनत कर रहे क्षेत्र के लोगों और कार्यकर्ताओं को धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed