गोवर्धन/मथुरा। गोवर्धन के चर्चित व्यापारी नेता गणेश पहलवान की हत्या के लिए 2 लाख रुपये की सुपारी लेने वाले शूटरों को थाना गोवर्धन पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई में पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। इस कार्यवाही से गोवर्धन क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार मुठभेड़ 13 जनवरी की देर रात जतीपुरा से कच्चे ई-रिक्शा मार्ग की ओर गोवर्धन आते समय हुई ।

पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान समसुद्दीन उर्फ भोला (22) और नीरज (20) निवासी अगरियाला थाना शेरगढ़, मथुरा के रूप में हुई है। दोनों आरोपी हत्या के प्रयास के मुकदमे में वांछित चल रहे थे।
कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि व्यापारी नेता गणेश पहलवान और एक स्थानीय दुकानदार के बीच चल रही रंजिश के चलते नारायण उर्फ आरव के माध्यम से हत्या की सुपारी दी गई थी। सौदे की रकम 2 लाख रुपये तय हुई थी जिसमें से अग्रिम 5-5 हजार रुपये शूटरों को दिए गए थे।
बीती 4–5 जनवरी 2026 की रात आरोपियों ने गोवर्धन के दानघाटी क्षेत्र में गणेश पहलवान की पहचान कर मानसी गंगा रोड से घर की ओर जाते समय उन पर फायरिंग की। हालांकि शोर मचने पर व्यापारी नेता बाल-बाल बच गए और आरोपी मौके से फरार हो गए। सुपारी की रकम पूरी न मिलने और लगातार दबाव के चलते आरोपी 13 जनवरी को दोबारा हत्या की नीयत से पहुंचे तभी पुलिस ने उन्हें घेर लिया।
पुलिस के अनुसार खुद को घिरा देख आरोपियों ने फायरिंग की जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की और दोनों शूटरों को काबू कर लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में अन्य साजिशकर्ताओं की तलाश जारी है और सुपारी देकर हत्या कराने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गोवर्धन क्षेत्र में शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *