
ब्रेकिंग
सिद्धार्थनगर
घने कोहरे के कारण बड़ा हादसा
कोहरा और साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया।
ढेबरुआ थाना क्षेत्र स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग 730 पर मदरहिया गांव के पास स्कूली बस और मैजिक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गए।
दोनों वाहनों में कुल 40 लोग सवार थे, जिनमें 32 घायल हो गए। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शोहरतगढ़ पहुंचाया गया, जहां छह घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया गया। सभी की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही।
मेडिकल कालेज रेफर घायलों में 21 वर्षीय सायमा (युवती) के अलावा आठ वर्षीय सोमेश्वर प्रसाद, 14 वर्षीय अदीना, 16 वर्षीय अजीमा, 16 वर्षीय मोब्बस्सरा तथा 13 वर्षीय सोदा शामिल हैं। शेष 26 घायल बच्चे हैं, जिनका उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कर घर भेज दिया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब नौ बजे दर्सगाह जामियातुस्सालिहात इस्लामिया स्कूल अकरहरा की बस शोहरतगढ़ से ढेबरुआ की ओर जा रही थी, जबकि सनराइज पब्लिक स्कूल तुलसियापुर की मैजिक विपरीत दिशा से आ रही थी। इसी बीच दोनों वाहनों के सामने अचानक एक साइकिल सवार स्कूली बच्चा आ गया।
घना कोहरा होने के कारण चालकों को स्थिति स्पष्ट नहीं दिखी और साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में दोनों वाहन असंतुलित होकर पलट गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही ढेबरुआ थाना पुलिस, पुलिस क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी और मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रजत चौरसिया मौके पर पहुंचे।
थानाध्यक्ष शिवनारायण लाल श्रीवास्तव ने बताया कि कोहरा और साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में दुर्घटना हुई। सभी घायल सुरक्षित हैं और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। प्रशासन राहत और उपचार कार्य में जुटा रहा।
