शिवम् द्विवेदी
एम. डी. न्यूज़
प्रयागराज
प्रयागराज पुलिस की साइबर टीम ने माघ मेले को लेकर सोशल मीडिया पर AI से बनाई गई भ्रामक तस्वीरें पोस्ट करने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दया शंकर के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने फेसबुक पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से फर्जी तस्वीरें तैयार कर उन्हें माघ मेले से जोड़कर पोस्ट किया। इन तस्वीरों के जरिए साधु संतों और प्रयागराज पुलिस की छवि को धूमिल करने की कोशिश की गई।
पुलिस के अनुसार यह मामला सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे भ्रामक और असत्य कंटेंट से जुड़ा है, जिससे धार्मिक आयोजन की गरिमा और कानून व्यवस्था पर असर पड़ सकता था।
यह कार्रवाई DCP कुलदीप सिंह गुनावत के निर्देशन में की गई। साइबर टीम ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की पहचान की और उसे हिरासत में लिया। आरोपी के मोबाइल और सोशल मीडिया अकाउंट की फॉरेंसिक जांच की जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि माघ मेले या किसी भी सार्वजनिक आयोजन को लेकर फर्जी, AI निर्मित या भ्रामक सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
यह मामला स्पष्ट करता है कि AI तकनीक का दुरुपयोग अब कानून व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द के लिए सीधा खतरा बन रहा है। प्रयागराज पुलिस की यह कार्रवाई इस बात का संकेत है कि सोशल मीडिया पर फर्जी कंटेंट अब हल्के में नहीं लिया जाएगा। सवाल यह भी है कि क्या सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ऐसे कंटेंट की समय रहते पहचान और रोकथाम में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। सच यही है कि तकनीक जितनी तेज हो रही है, जवाबदेही उतनी ही जरूरी हो गई है।
