बसंत पंचमी पर सरस्वती पूजन एवं शैक्षणिक–सांस्कृतिक गतिविधियों का भव्य आयोजन।

वाराणसी।
बसंत पंचमी के पावन अवसर पर संत अतुलानंद रेज़िडेंशियल अकादमी परिसर में विद्या, संस्कृति और सेवा भाव से ओत-प्रोत अनेक कार्यक्रमों का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के विधिवत पूजन से हुई, जिसमें शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने श्रद्धा भाव से सहभागिता की। इस अवसर पर कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों द्वारा हवन का आयोजन किया गया, जिसमें ज्ञान, विवेक एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। हवन के दौरान संपूर्ण वातावरण मंत्रोच्चार से भक्तिमय बना रहा। कार्यक्रम की एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का “विद्या आरंभ संस्कार” संपन्न कराया गया, जिससे बच्चों ने अपने शैक्षणिक जीवन की शुभ शुरुआत की। यह अवसर अभिभावकों एवं शिक्षकों के लिए अत्यंत भावुक एवं प्रेरणादायक रहा।
विद्यालय की आउटरीच गतिविधियों के अंतर्गत समाजसेवा से जुड़े कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे छात्रों में सामाजिक दायित्व और सेवा भावना को प्रोत्साहन मिला।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही रचनात्मक बुकमार्क गतिविधि, जिसे बनारस लिटरेचर फेस्टिवल के अंतर्गत इंटेक वाराणसी चैप्टर के सहयोग से आयोजित किया गया। इस गतिविधि में विद्यार्थियों द्वारा लगभग 2500 से 3000 हस्तनिर्मित बुकमार्क तैयार किए गए, जिनमें साहित्य, कला एवं भारतीय सांस्कृतिक विरासत की सुंदर अभिव्यक्ति देखने को मिली।
इस अवसर पर इंटेक वाराणसी चैप्टर से अशोक कपूर एवं अनुपम रघुवंशी गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को सांस्कृतिक चेतना एवं विरासत संरक्षण की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। समग्र रूप से बसंत पंचमी का यह आयोजन विद्यार्थियों में ज्ञान, सृजनात्मकता एवं सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने वाला सिद्ध हुआ।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *