
***चंदौली: जिले में सोशल मीडिया पर चंद सेकंड की ‘रील’ बनाने का जुनून आज के युवाओं के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। चन्दौली जिला के सदर थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां नेशनल हाईवे-19 पर जगदीशसराय गांव के समीप मंगलवार को रील बनाने के चक्कर में एक युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी।प्रत्यक्षदर्शियों और प्रारंभिक जांच के अनुसार, बाइक सवार दो युवक हाईवे पर सफर के दौरान मोबाइल से रील रिकॉर्ड कर रहे थे। इसी बीच अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और तेज रफ्तार बाइक सीधे बगल से गुजर रहे ट्रक के नीचे जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक युवक का शरीर ट्रक के पहियों की चपेट में आ गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दूसरा युवक सड़क पर दूर जाकर गिरा, जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं।हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों का जमावड़ा लग गया। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तुरंत एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर शिनाख्त की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश में पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।सदर थाना पुलिस ने बताया कि रील बनाने की बात सामने आ रही है, जो सड़क सुरक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन है। पुलिस अधिकारियों ने आम जनता, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग या स्टंट न करें। आपकी एक छोटी सी लापरवाही न केवल आपकी जान ले सकती है, बल्कि आपके पूरे परिवार को कभी न खत्म होने वाला दर्द दे सकती है।
