सड़क पर उतरकर किया विरोध प्रदर्शन

बिल्सी। विकास खंड अंबियापुर क्षेत्र के गांव वनबेहटा में मुख्य सड़क पर लंबे समय से जलभराव और गंदगी की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों का सब्र शनिवार को जवाब दे गया। आक्रोशित ग्रामीण सड़क पर इकट्ठा हुए और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। गांव संतोष कुमार ने बताया कि मुख्य सड़क पर जलभराव और गंदगी के कारण आवागमन बेहद कठिन हो गया है। कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। हालत यह है कि आए दिन लोग फिसलकर गिर रहे हैं और चोटिल हो रहे हैं। अरुण कुमार ने बताया कि यह समस्या पिछले कई वर्षों से बनी हुई है, जिससे गांव के साथ-साथ बाहर से आने-जाने वाले लोगों को भी भारी परेशानी उठानी पड़ती है। विक्रम सिंह ने कहा कि बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान न होना अधिकारियों की उदासीनता को दर्शाता है। गांव की विमला देवी ने कहा कि सड़क पर भरे गंदे पानी और कीचड़ से कभी भी संक्रामक रोग फैल सकते हैं, जिससे गांव के लोगों की सेहत पर खतरा मंडरा रहा है। इस संबंध में नायब तहसीलदार ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं और समस्या के समाधान के लिए जल्द कार्रवाई की जाएगी। प्रदर्शन के दौरान देव कुमारी, संतोष, रूपा देवी, अरुण कुमार सिंह, विक्रम सिंह, श्रीराम, शशिकांत, सूर्य प्रताप, छोटे लाल, रवि कुमार और शुभम सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
