मुआवजे की मांग को लेकर किसानों का प्रदर्शन

बिल्सी। तहसील क्षेत्र के सिरासौल गांव में छुट्टा पशुओं ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। रात के समय पशुओं के एक झुंड ने खेतों में घुसकर कई किसानों की सरसों की फसल को पूरी तरह बर्बाद कर दिया। घटना से आक्रोशित किसानों ने अधिकारियों से शिकायत कर मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। गांव निवासी रविंद्र चौहान ने बताया कि देर रात छुट्टा पशुओं का झुंड उनके सरसों के खेत में घुस आया और देखते ही देखते पूरी फसल रौंद दी। सुबह जब किसान खेतों पर पहुंचे तो फसल को पूरी तरह नष्ट पाया। किसान देवेश सिंह ने बताया कि गांव में छुट्टा पशुओं की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। आए दिन रात के समय पशु खेतों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने बताया कि किसान दिन-रात अपनी फसलों की रखवाली करने को मजबूर हैं, इसके बावजूद नुकसान रुक नहीं रहा है। किसानों का कहना है कि इससे पहले भी छुट्टा पशुओं ने कई बीघा गेहूं की फसल को बर्बाद कर दिया था। किसानों ने प्रशासन से शीघ्र फसल क्षति का उचित मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है। प्रदर्शन करने वालों में देशपाल सिंह, रविंद्र चौहान, रामू वर्मा, मुनीशपाल चौहान, नदीम शेख, श्याम चौहान, प्रियांशु चौहान, सत्य प्रकाश सक्सेना, अजयवीर, संजय चौहान, बिष्णु सिंह, ओमवीर चौहान और कुश चौहान सहित बड़ी संख्या में किसान शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *