30 पेटी शराब व 30 हजार की नकदी ले उड़े चोर

बिल्सी। कोतवाली क्षेत्र के गांव सिरासौल में देसी शराब की दुकान में नकब लगाकर चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर दुकान से लगभग 30 पेटी देसी शराब, 30 हजार रुपये की नकदी और एक स्कैनर मशीन चुरा ले गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

बिल्सी नगर के मोहल्ला संख्या आठ निवासी दुकान मालिक नेत्रपाल गुप्ता ने बताया कि सिरासौल स्थित उनकी देसी शराब की दुकान में शुक्रवार की रात के समय चोरों ने दुकान के पीछे की दीवार में नकब लगाया। इसके बाद अंदर घुसकर चोरों ने दुकान में रखी करीब 30 पेटी देसी शराब, 30 हजार रुपये नकद और एक स्कैनर मशीन चोरी कर ली। सुबह जब दुकान खोली गई तो चोरी की जानकारी हुई, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इस संबंध में उपनिरीक्षक रामसेवक सिंह राठौड़ ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही चोरों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *