चार दिन पहले दवा कराने निकली थी महिला, दर्ज कराई गई थी गुमशुदगी

गोंडा – जनपद मे रविवार की शाम को नवाबगंज कस्बे के मुट्ठीगंज मोहल्ले में अपराह्न करीब चार बजे गंदे पानी से भरे एक गड्ढे में बुजुर्ग महिला की औंधे मुंह लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


मृतक बुजुर्ग महिला की पहचान शहोदरा (75) पत्नी मुन्नीलाल निषाद, निवासी कस्बा के बढ़ई पुरवा (मिशन स्कूल) के रूप में हुई है। मृतका के नाती भीम निषाद ने बताया कि पांच फरवरी को उनकी दादी दवा कराने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। काफी खोजबीन के बाद स्थानीय थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।


स्थानीय लोगों के अनुसार जिस गड्ढे में महिला का शव मिला है, वहां पानी केवल घुटनों तक ही भरा हुआ है। इसके बावजूद महिला का शव पानी में मुंह के बल पड़ा मिला, जिससे लोग तरह तरह की चर्चाएं कर रहे हैं ।प्रभारी थानाध्यक्ष विश्वास चतुर्वेदी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता स्पष्ट रूप से हो सकेगा और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed