प्रयागराज | हंडिया थाना क्षेत्र के सैदाबाद चौकी अंतर्गत खपटिहा गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव में आयोजित एक कार्यक्रम के लिए सेटरिंग का कार्य कर रहे मजदूर की ऊंचाई से गिरने के कारण मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई प्राप्त जानकारी के अनुसार, दशेर डिघ निवासी मनमोहन (52) पुत्र सुखदेव कई वर्षों से सेटरिंग का कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करते थे।

रविवार को वह खपटिहा गांव में आयोजित कार्यक्रम में टेंट, लाइट व अन्य सेटरिंग सामग्री लगाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान ऊंचाई पर चढ़कर काम करते समय अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे जमीन पर आ गिरे। गिरने से उन्हें गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सैदाबाद चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही परिजनों को सूचना दी गई। जैसे ही मौत की खबर परिवार तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। परिजन रो-रोकर बेहाल हो गए पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में इसे दुर्घटना माना जा रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
इस हृदयविदारक घटना से खपटिहा गांव सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने मृतक के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है।

रिपोर्ट अनुज कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *