जनपद महराजगंज ने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड रैंकिंग में एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए टॉप–10 में स्थान प्राप्त किया है। जनवरी माह की रैंकिंग में जनपद ने प्रदेश स्तर पर राजस्व व विकास की संयुक्त रैंकिंग में आठवां स्थान हासिल किया है।
राजस्व एवं विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं के बेहतर निष्पादन के आधार पर यह उपलब्धि प्राप्त हुई है। विकास क्षेत्र के अंतर्गत संचालित योजनाओं/परियोजनाओं में जनपद को 71 योजनाओं में ‘ए’ ग्रेड, 06 योजनाओं में ‘बी’ ग्रेड तथा 03 योजनाओं में ‘सी’ ग्रेड प्राप्त हुआ है। उल्लेखनीय है कि जनपद में राजस्व व विकास परियोजनाओं की किसी भी श्रेणी में जनपद को ‘डी’ ग्रेड नहीं मिला है।

इसी प्रकार राजस्व से संबंधित योजनाओं/परियोजनाओं में भी जनपद का प्रदर्शन सराहनीय रहा। राजस्व क्षेत्र में 34 योजनाओं में ‘ए’ ग्रेड, 09 योजनाओं में ‘बी’ ग्रेड तथा 04 योजनाओं में ‘सी’ ग्रेड प्राप्त हुआ है।
सीएम डैशबोर्ड पर जनपद महराजगंज का प्रदर्शन विशेष रूप से शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, स्वच्छता, पर्यटन, पेयजल, सड़क निर्माण एवं सामाजिक कल्याण योजनाओं सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं से जुड़े सूचकांकों में उत्कृष्ट पाया गया है।
विगत माह डैशबोर्ड की रैंकिंग में जनपद को चौदहवां स्थान प्राप्त हुआ था, जिसपर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते सभी अधिकारियों को विभागीय योजनाओं के बेहतर पर्यवेक्षण का निर्देश दिया था। विशेषकर राजस्व की रैंकिंग में जनपद बड़ी छलांग लगाते हुए 33वें से 12वें स्थान पर पहुंचा है। विकास संबंधी योजनाओं के क्रियान्वयन में जनपद को 09 स्थान प्राप्त हुआ है। संयुक्त रैंकिंग में जनपद 08वें स्थान पर है।
इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए निर्देशित किया कि वे निरंतर मॉनिटरिंग, प्रभावी समीक्षा बैठकों तथा फील्ड स्तर पर कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें, ताकि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन धरातल पर सुनिश्चित हो और जनपद भविष्य में भी प्रदेश में अग्रणी बना रहे।
