
मुनेश कुमार पत्रकार सहसवान बदायूं। एम डी न्यूज़ समाचार पत्र।
( बदायूं) सहसवान-:जिलाधिकारी अवनीश राय ने मंगलवार को तहसील सहसवान का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां की व्यवस्थाओं, अभिलेखों के रख-रखाव और न्यायिक कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यालयों में संचालित कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि अभिलेखों का सुव्यवस्थित संधारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, रिकॉर्ड प्रबंधन प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ एवं जनहितैषी बनाया जाए, ताकि आमजन को त्वरित और पारदर्शी सेवाएं मिल सकें।
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी और तहसीलदार न्यायालयों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने लंबित वादों की स्थिति की जानकारी ली और उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। विभिन्न अनुभागों का भ्रमण कर उन्होंने कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्य निष्पादन और अभिलेखों की अद्यतन स्थिति की जांच की। रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण करते हुए उन्होंने दस्तावेजों की गहनता से जांच की और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने सेवानिवृत्त कार्मिकों के देयों के भुगतान की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने सर्विस बुक सहित सेवाकाल संबंधी अभिलेखों की जांच की और कार्मिकों के देयों का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने पर बल दिया। निरीक्षण के समय संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
