
एम डी न्यूज़ मुनेश कुमार सहसवान बदायूं। की रिपोर्ट
(बदायूं) सहसवान-: सहसवान क्षेत्र में बुधवार से माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की हाई स्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गईं। प्रशासन ने परीक्षाओं को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं।
क्षेत्र के नाधा, सहसवान, दहगवां और खितौरा स्थित विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर दोनों पालियों में हाई स्कूल व इंटरमीडिएट के कुल 5040 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं।
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
केंद्रों के मुख्य द्वार पर परीक्षार्थियों की सघन जांच की गई। विद्यालय गेट पर अध्यापकों और केंद्र व्यवस्थापकों द्वारा छात्र-छात्राओं की तलाशी लेने के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया।
परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरों और आंतरिक उड़नदस्तों की निगरानी भी सुनिश्चित की गई है।
सहसवान स्थित प्रमोद इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर सर्वाधिक 1621 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं। वहीं, नगर पालिका इंटर कॉलेज में 574 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। खितौरा के जनता आदर्श इंटर कॉलेज में 760 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं। दहगवां क्षेत्र के दो परीक्षा केंद्रों पर कुल 1151 परीक्षार्थी तथा नाधा स्थित परीक्षा केंद्र पर 334 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हो रहे हैं।
प्रथम पाली में हाईस्कूल की परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा शुरू होने से पहले ही परीक्षार्थी केंद्रों पर पहुंच गए थे। केंद्र व्यवस्थापकों द्वारा समय से प्रश्नपत्र खोलकर नियमानुसार वितरण कराया गया।
परीक्षा के दौरान केंद्रों के बाहर अनावश्यक भीड़ को हटाने के लिए पुलिस बल लगातार गश्त करता रहा। प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा को पूर्णतः पारदर्शी एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
