(बदायूं)सहसवान-:उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की परीक्षाएं सहसवान क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी निगरानी के बीच शुरू हो गईं। पहले दिन कुल 38 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।

सहसवान नगर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। प्रशासन ने नकल विहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए शासन के निर्देशों का सख्ती से पालन कराया।

नगर के प्रमुख शिक्षण संस्थानों प्रमोद इंटर कॉलेज और पन्ना लाल इंटर कॉलेज में पहली पाली की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। प्रमोद इंटर कॉलेज में कुल 919 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 37 अनुपस्थित रहे। वहीं पन्ना लाल इंटर कॉलेज में 189 में से एक परीक्षार्थी ने परीक्षा नहीं दी। केंद्र व्यवस्थापकों के अनुसार, परीक्षा निर्धारित समय पर शुरू हुई और किसी प्रकार की अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली।

सभी परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी गई। कंट्रोल रूम से भी परीक्षा गतिविधियों पर नजर रखी गई, ताकि किसी भी प्रकार की नकल या अनुचित गतिविधि को रोका जा सके। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले सघन तलाशी प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। प्रतिबंधित वस्तुओं को अंदर ले जाने पर पूरी तरह रोक रही।

शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार पर पुलिस बल तैनात किया गया था। सुरक्षा व्यवस्था के कारण छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में विश्वास का माहौल देखने को मिला। प्रशासन का कहना है कि आगामी परीक्षाएं भी इसी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराई जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *