एमडी न्यूज़ बहुआयामी समाचार न्यूज़ चैनल
जिला रिपोर्टर यूसुफ की रिपोर्ट
आमजन को निःशुल्क विधिक सहायता देने हेतु मेगा शिविर का आयोजन
रामपुर।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा पनवड़िया स्थित सद्भावना मण्डप में वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मा0 जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, श्री भानु देव शर्मा जिलाधिकारी श्री अजय कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक श्री विद्यासागर मिश्र, प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री अजय कुमार दीक्षित तथा सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री संदीप सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।

कार्यक्रम के दौरान मा0 जनपद न्यायाधीश ने कहा कि इस मेगा कैम्प का उद्देश्य ऐसे पात्र लाभार्थियों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान करना है, जो पूर्व में सभी प्रक्रियाएँ पूर्ण करने के बावजूद लाभ प्राप्त करने से वंचित रह गए थे। उन्होंने उपस्थित जनमानस से अपील की कि वे इस मेगा कैम्प के माध्यम से विभिन्न विभागों की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ प्राप्त करें।

जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से आम नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इस कैम्प का मुख्य उद्देश्य आम जन को निःशुल्क कानूनी सहायता प्रदान करना तथा विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र व्यक्तियों को समय से लाभ दिलाना है। उन्होंने मिशन शक्ति, वूमेन पावर लाइन, साइबर हेल्पलाइन आदि के संबंध में भी जानकारी प्रदान की।

इस अवसर पर मा0 जनपद न्यायाधीश, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा विभिन्न विभागों के माध्यम से लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। कृषि विभाग द्वारा 10 कृषकों को मूंग बीज मिनीकिट वितरित किए गए तथा एक लाभार्थी को सोलर पम्प प्रदान किया गया। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत शौचालय विहीन 05 पात्र लाभार्थियों को व्यक्तिगत शौचालय निर्माण हेतु स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। समाज कल्याण विभाग द्वारा 07 लाभार्थियों को वृद्धावस्था पेंशन तथा श्रम विभाग द्वारा 06 लाभार्थियों को मातृत्व, शिशु एवं बालिका मदद योजना के अंतर्गत ₹26,000 की धनराशि के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।

मुख्यमंत्री आवास योजना 2025-26 के अंतर्गत 05 लाभार्थियों को आवास प्रदान किए गए। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा श्रीमती फरीकल को ट्राईसाइकिल तथा 04 लाभार्थियों को बैसाखी प्रदान की गई। उज्ज्वला योजना के अंतर्गत निःशुल्क सिलेंडर रिफिल वितरित किए गए। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के अंतर्गत कुमारी हंसिका को ₹2,500 तथा मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के अंतर्गत कु0 अदिति को ₹3,000 की धनराशि का चेक प्रदान किया गया। दैवीय आपदा राहत योजना के अंतर्गत श्री हीरालाल को ₹4 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

इसके अतिरिक्त आईसीडीएस विभाग द्वारा गर्भवती महिलाओं को पोषण किट वितरित की गई तथा चिकित्सा विभाग द्वारा पात्र व्यक्तियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं निःशुल्क कानूनी सहायता के संबंध में आम जन को विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इस मेगा शिविर के माध्यम से नागरिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने का कार्य किया गया।
