रिपोर्टर :- विनीत तिवारी
एम डी न्यूज़ (लखीमपुर)
लखीमपुर खीरी। जनपद के थाना पढ़ुआ क्षेत्र में सोमवार सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। बोर्ड परीक्षा देने जा रही छात्राओं से भरी मैजिक वाहन की तेज रफ्तार ट्रक से आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छात्राएं सुबह परीक्षा केंद्र के लिए निकली थीं। इसी दौरान रास्ते में ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मैजिक वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही थाना पढ़ुआ पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों ने एक छात्रा को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायल छात्राओं का इलाज जारी है। गंभीर रूप से घायल छात्राओं को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और अस्पताल परिसर में भारी भीड़ जुट गई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
क्षेत्र में इस दर्दनाक हादसे के बाद शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से स्कूल वाहनों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग की है।
