बाराबंकी: राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत विकास खंड देवा के परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के लिए लखनऊ स्थित आंचलिक विज्ञान केंद्र का एक्सपोज़र विजिट शनिवार को आयोजित किया गया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी देवा सुनील कुमार गौड़ ने हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया तथा विद्यार्थियों को विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने हेतु प्रेरित किया।
इस शैक्षिक भ्रमण में विकास खंड देवा के उच्च प्राथमिक विद्यालयों के 100 छात्र-छात्राओं एवं उनके शिक्षकगणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आंचलिक विज्ञान केंद्र पहुंचकर विद्यार्थियों ने आधुनिक वैज्ञानिक उपकरणों, आकर्षक मॉडलों, सौर ऊर्जा के प्रयोगों, इंटरैक्टिव विज्ञान प्रदर्शनी, ज्ञानवर्धक विज्ञान शो तथा विभिन्न प्रयोगात्मक गतिविधियों का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। विद्यार्थियों ने विज्ञान के जटिल सिद्धांतों को सरल एवं रोचक माध्यम से समझा तथा प्रत्यक्ष अनुभव के माध्यम से अपने ज्ञान को और अधिक समृद्ध किया। विशेष रूप से विज्ञान केंद्र में आयोजित विज्ञान शो, सौरमंडल की प्रस्तुति, ऊर्जा के विभिन्न स्रोतों के प्रदर्शन तथा वैज्ञानिक प्रयोगों ने विद्यार्थियों को अत्यंत प्रभावित किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने अनेक जिज्ञासापूर्ण प्रश्न पूछे तथा वैज्ञानिक अवधारणाओं को समझने में गहरी रुचि दिखाई। यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए केवल एक शैक्षिक गतिविधि ही नहीं, बल्कि विज्ञान के प्रति जागरूकता, नवाचार एवं अनुसंधान की भावना को प्रोत्साहित करने वाला एक प्रेरणास्रोत सिद्ध हुआ।
खंड शिक्षा अधिकारी श्री सुनील कुमार गौड़ ने बताया कि इस प्रकार के एक्सपोज़र विजिट विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक एवं अनुभवात्मक ज्ञान प्राप्त होता है, जिससे उनमें तार्किक चिंतन, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, अनुसंधान की प्रवृत्ति एवं नवाचार की भावना का विकास होता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय आविष्कार अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के प्रति रुचि उत्पन्न करना तथा उन्हें भविष्य के वैज्ञानिक, नवप्रवर्तक एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार करना है।
भ्रमण के दौरान एआरपी विज्ञान श्री अनूप त्रिपाठी, अभिषेक नाग, संध्या कबीर एवं शिव पूजन शर्मा तथा वरिष्ठ शिक्षक श्री चंद्रभान सिंह एवं श्री अरुण कुमार द्वारा विद्यार्थियों का सतत मार्गदर्शन किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रदीप मिश्रा, विकास वर्मा, नीरज श्रीवास्तव, पूर्णेश प्रताप सिंह, ओम प्रकाश, कंचन चौधरी, शेखर राज, विवेक कुमार, सुनीता एवं सावित्री जायसवाल सहित समस्त शिक्षकगणों का सराहनीय योगदान रहा।

तेज बहादुर शर्मा (मंडल ब्यूरो चीफ अयोध्या)।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed