एमड़ी न्यूज़ रिपोर्टर सेवापुरी मुन्ताज अली

वाराणसी के जंसा थाना क्षेत्र के चौखंडी रेलवे क्रॉसिंग के पास सोमवार शाम लगभग 5 बजे एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक महिला ने अपनी मासूम बेटी के साथ ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद मौके पर मौजूद पति दहाड़ मारकर रोने लगा। सूचना मिलने पर पहुंची जीआरपी पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार जंसा थाना क्षेत्र के लक्ष्छीपुर रामेश्वर गांव निवासी अजीत कुमार अपनी पत्नी अनीता देवी और तीन वर्षीय पुत्री दर्शना को बाइक से भाऊपुर बाजार दवा दिलाने ले गया था। दवा लेने के बाद वह चौखंडी रेलवे स्टेशन के पास एक मिष्ठान की दुकान पर पानी पीने के लिए रुका था।
बताया जाता है कि पानी पीने के बाद अनीता देवी ने पति से कहा कि वह अपनी सहेली से मिलने जंसा जाना चाहती है। इसी दौरान वाराणसी से भदोही की ओर जा रही सारनाथ एक्सप्रेस ट्रेन के सामने अनीता देवी ने अचानक अपनी बेटी के साथ छलांग लगा दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। बताया जाता है कि अजीत कुमार दूसरे प्रदेश में रहकर वेल्डिंग का काम करता है और करीब दो महीने पहले ही घर आया था। मृतका अनीता देवी का मायका जंसा थाना क्षेत्र के सत्तनपुर गांव में है।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *