गोंडा-खबर गोंडा जिले के धानेपुर से है जहां लोग सुबह 7 बजे से ही गैस एजेंसियों पर कतारों में लगे हुए हैं। आज उन ग्राहकों को गैस सिलेंडर वितरित किए जा रहे हैं जिन्होंने पहले बुकिंग की थी।वहीं, आज बुकिंग कराने वाले ग्राहकों को अगली तारीख पर बुलाया जा रहा है। धानेपुर की ज्योति गैस एजेंसी से मिली जानकारी के अनुसार, 10 तारीख को बुकिंग कराने वाले ग्राहकों को चार दिन बाद आज गैस दी जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था के बीच बुकिंग रसीद देखकर गैस उपलब्ध कराई जा रही है। आज गैस लेने पहुंचे लोगों को ज्योति गैस एजेंसी के 500 मीटर दूर स्थित स्टॉक गोदाम पर भेजा जा रहा है। वहां उनके सिलेंडर और गैस की किताब जमा की जा रही है, और उनकी बुकिंग की जा रही है। इन ग्राहकों को आने वाले दिनों में फोन पर सूचना देकर गैस का वितरण किया जाएगा। जिले की कई अन्य गैस एजेंसियों पर सर्वर न चलने के कारण भी लोगों को गैस नहीं मिल पा रही है, जिससे वहां भी भारी भीड़ लगी हुई है। गैस सिलेंडर लेने वालों की कतारों में रोजेदार पुरुष और महिलाएं बड़ी संख्या में दिखाई दे रहे हैं, जो गैस सिलेंडर पाने का इंतजार कर रहे हैं। गोंडा जिले में कुल 76 विभिन्न पेट्रोलियम कंपनियों की गैस एजेंसियां हैं, जिनके लाखों ग्राहक हैं। गोंडा जिला पूर्ति अधिकारी कुंवर दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि जिले में कहीं भी एलपीजी गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है सभी एजेंसियों पर उपलब्ध है। लोग अफवाह के चक्कर में एजेंसियों के बाहर लाइन लग रहे हैं। जबकि जो पैसा वह गैस के लिए दे रहे हैं उसी पैसे में उनके घर तक गैस पहुंचेगी उन्हें परेशान होने की आवश्यकता नहीं है।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *