धर्मेन्द्र कसौधन(राष्ट्रीय ब्यूरो)
महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीणा द्वारा पुलिस भर्ती परीक्षा–2026 के अंतर्गत जनपद में बनाए गए विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने शिवजपत सिंह इंटरमीडिएट कॉलेज भिटौली, एंग्लो संस्कृत इंटर कॉलेज घुघुली तथा राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज पुरैना का निरीक्षण कर परीक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा कक्षों का निरीक्षण करते हुए सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, कक्ष निरीक्षकों तथा ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखना सभी अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है, इसलिए कहीं भी किसी प्रकार की लापरवाही या गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा परीक्षा केंद्रों पर स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया गया तथा निगरानी व्यवस्था को सतत सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए।
उपस्थिति के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार जपत सिंह इंटरमीडिएट कॉलेज भिटौली तथा एंग्लो संस्कृत इंटर कॉलेज घुघुली परीक्षा केंद्रों पर 240 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 85 अनुपस्थित तथा 155 परीक्षार्थी उपस्थित रहे।

वहीं राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज पुरैना परीक्षा केंद्र पर 240 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 71 अनुपस्थित तथा 169 परीक्षार्थी उपस्थित रहे।
जनपद के कुल 12 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में 4560 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 1423 परीक्षार्थी अनुपस्थित तथा 3137 परीक्षार्थी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा अवधि के दौरान सभी केंद्रों पर सतर्कता बनाए रखते हुए शासन एवं आयोग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि परीक्षा पूरी तरह सकुशल, पारदर्शी और निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हो सके।
