उत्तर प्रदेश लखनऊ कालाबाजारी को लेकर सुरेन्द्र कुमार उर्फ सोनू कनौजिया के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। मुकदमे में सोनू कनौजिया की पत्नी मंजू कनौजिया और चार दूसरे लोगों का भी नाम है।
सोनू कनौजिया लखनऊ के मलीहाबाद इलाके से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं।रिजॉर्ट से 88 सिलेंडर बरामद
सोनू कनौजिया का लखनऊ के मोहन इलाके में अभिनंदन रिसॉर्ट है। इस रिसॉर्ट से 88 गैस सिलेंडर बरामद हुए हैं। जिला प्रशासन और आपूर्ति विभाग की टीम को जानकारी मिली थी कि मोहन रोड के अभिनंदन रिसोर्ट पर गैस सिलेंडर की कालाबाजारी हो रही है। जिसके बाद यहां छापा मारा गया और सपा नेता के रिसॉर्ट से 88 गैस सिलेंडर बरामद किए गए।सपा नेता सुरेंद्र कुमार उर्फ सोनू कनौजिया की पत्नी मंजू कनौजिया के नाम पर असीम भारत गैस एजेंसी है। सोनू कनौजिया का कहना है कि ये सिलेंडर एजेंसी के हैं। एजेंसी का गोदाम रिसॉर्ट के पास है और वहां जाने का रास्ता खराब है इसलिए ये सिलेंडर रिसॉर्ट में रखे हुए थे।
काकोरी थाने में आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955 की धारा 3/7 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है, जिसमें मंजू कनौजिया एक गाड़ी जिसका मालिक जमील अहमद, साहिल, मुन्ना, इक्त्दा, सुरेन्द्र कुमार कनौजिया का नाम शामिल है।
एफआईआर के मुताबिक 88 सिलेंडर में 14.2 किलो के 74 घरेलू सिलेंडर हैं। 88 सिलेंडरों में से 75 सिलेंडर खाली हैं।
छापेमारी की कार्रवाई जिला पूर्ति विभाग के द्वारा की गई है।देशभर से सामने आ रहे गैस सिलेंडर की किल्लत और कालाबाजारी के मामले
गौरतलब है कि मिडिल ईस्ट में टेंशन की वजह से गैस सिलेंडर की आपूर्ति प्रभावित हुई है। ऐसे में देश में तमाम जगहों पर लोगों ने गैस सिलेंडर की कालाबाजारी करना शुरू कर दिया और मनमाने दाम लेना शुरू कर दिया। ऐसे में प्रशासन सख्त हुआ और ताबड़तोड़ कार्रवाई और छापेमारी को अंजाम दिया जा रहा है।
सरकार का संदेश साफ है कि गैस सिलेंडर की कालाबाजारी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और सिलेंडर की आपूर्ति को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा। अब देखना ये होगा कि सरकार कालाबाजारी करने वाले लोगों पर कितना नकेस कस पाती है।

