ईद-नवदुर्गा को लेकर शांति समिति की बैठक सौहार्द बनाए रखने की अपील
फ़िरोज़ाबाद । ईद और
नवदुर्गा पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना दक्षिण के सभागार में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने की। इसमें हिंदू मुस्लिम धर्मगुरुओं, विभिन्न मंदिर मस्जिद कमेटियों, जैन समाज के प्रतिनिधियों और शहर के गणमान्य लोगों ने भाग लिया। बैठक में एसएसपी सौरभ दीक्षित ने सभी से अपील की कि त्योहारों को आपसी भाईचारे, सौहार्द और अमन-चैन के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी और सभी को सरकारी गाइडलाइन व कानून का पालन करना होगा। शहर मुफ्ती तनवीर अहमद कासमी सहित अन्य धर्मगुरुओं ने कहा कि नमाज सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुसार ही अदा की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि ईदगाह, जामा मस्जिद और शाही मस्जिद में तय समय से 10 मिनट पहले पहुंचें। नमाज ईदगाह, इस्लामिया ग्राउंड और इस्लामिया कॉलेज परिसर में ही अदा की जाएगी। करबला कमेटी के अध्यक्ष हिकमत उल्ला खान ने
एसएसपी को ज्ञापन सौंपते हुए बिजली, पानी, साफ-सफाई, सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था, आवारा पशुओं की रोकथाम, मरकरी लाइट, टूटी सड़कों की मरम्मत और जलभराव की समस्या के समाधान की मांग की। साथ ही मस्जिदों के आसपास साफ-सफाई और चूना डलवाने की बात भी कही। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और ड्रोन व सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी तरह की अफवाह या असामाजिक गतिविधि पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। धर्मगुरुओं ने आमजन से अपील की कि सड़कों पर नमाज अदा न करें, सोशल मीडिया पर भड़काऊ संदेशों से बचें और प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करें। इस मौके पर नगर पुलिस अधीक्षक रवि शंकर प्रसाद, नगर मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडे, सीओ सिटी प्रवीण कुमार तिवारी, एलआईयू इंस्पेक्टर प्रेमपाल सिंह समेत विभिन्न थाना प्रभारी और शहर के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

