बिल्सी। कस्बे के मोहल्ला संख्या पांच में लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या के समाधान की दिशा में आखिरकार पहल शुरू हो गई है। नगर पालिका प्रशासन ने यहां सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ करा दिया है, जिससे स्थानीय निवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जगी है। यहां के लोगों का कहना है कि बीते करीब एक साल से इलाके में जलभराव के कारण आवागमन बेहद कठिन हो गया था। कई बार शिकायतें किए जाने के बावजूद समस्या जस की तस बनी रही। स्थिति से नाराज होकर होली के दिन मोहल्ले के लोगों ने विरोध दर्ज करते हुए सड़क को क्षतिग्रस्त कर मार्ग अवरुद्ध कर दिया था।

मामले की जानकारी मिलने पर नगर पालिका अध्यक्ष ज्ञानदेवी सागर ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। समस्या की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तत्काल सड़क निर्माण के निर्देश दिए। अधिशासी अधिकारी वीपी सिंह ने बताया कि इस सड़क का निर्माण लगभग 18 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है। वहीं अध्यक्ष पति ओमप्रकाश सागर द्वारा पूर्व में किए गए आश्वासन के अनुरूप अब कार्य शुरू हो चुका है। सड़क निर्माण शुरू होने से मोहल्ले के लोगों में संतोष का माहौल है और उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिल सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *