बरेली के आंवला थाना क्षेत्र के कंधरपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां 5 साल के मासूम की कथित तौर पर बलि दे दी गई। मासूम के पिता का आरोप है कि उनका बच्चा घर के बाहर खेल रहा था, तभी उसका अपहरण कर लिया गया और अब उसका शव तालाब में मिला है। इस घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कंधरपुर निवासी भरत सिंह ने बताया कि उनका 5 साल का बेटा 28 दिसंबर 2025 से लापता था। वह घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था, तभी अचानक रहस्यमय ढंग से गायब हो गया। परिजनों ने उसे हर जगह तलाशा- गांव के घरों, खेतों और जंगलों की खाक छानी। यहां तक कि तालाब को भी कई बार साफ करवाकर चेक किया गया था। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की थी, लेकिन तब कोई सुराग नहीं मिला। आज अचानक बेटे का शव तालाब में तैरता मिला। शव की स्थिति देखकर पिता ने अंदेशा जताया है कि उसकी हत्या 3-4 दिन पहले ही की गई होगी। मृतक के पिता और बाबा का कहना है कि यह मामला तंत्र-मंत्र और बलि से जुड़ा हो सकता है। उन्होंने बताया कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है और न ही कोई पैसों के लिए फिरौती मांगी गई । ऐसे में उन्हें शक है कि बच्चे की बलि दी गई है। शव मिलने से पहले तक उन्हें उसके सलामत होने की उम्मीद थी, जो अब टूट चुकी है। उन्होंने पुलिस से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की है। सीओ आंवला, नितिन कुमार ने बताया कि 28 दिसंबर से लापता बच्चे का शव आज गांव के ही तालाब में मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और समय का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

