चंदौली: जिले के धानापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शुक्रवार की सुबह किसानों के लिए काली सुबह साबित हुई। पगही, विझवल और कुसुम्ही गांव के सिवान में स्थित हरदेव पीजी कॉलेज के पीछे अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। पछुआ हवाओं के झोंके और सूखी फसल के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 10 बीघा से अधिक की खड़ी गेहूं की फसल को अपनी चपेट में ले लिया।आग की लपटें उठती देख खेतों में काम कर रहे और आसपास के ग्रामीण शोर मचाते हुए मौके पर दौड़े। ग्रामीणों और किसानों ने अपने स्तर पर पंपिंग सेट और बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का अथक प्रयास शुरू किया। घटना की सूचना मिलते ही धानापुर थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँच गए। हालांकि, दमकल विभाग के पहुँचने से पहले ही ग्रामीणों के साहस और कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक फसल पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।इस भीषण अग्निकांड में विझवल और पगही गांव के कई सीमांत किसानों की साल भर की मेहनत स्वाहा हो गई। प्रभावित किसानों में मुख्य रूप से रामलाल यादव, लालमन यादव, प्यारेलाल यादव, मुकेश सिंह यादव, नंदलाल राम और डॉ. कुमार राम शामिल हैं। इन किसानों की लगभग दस बीघा से अधिक फसल जलने के कारण अब उनके सामने परिवार के पालन-पोषण और साल भर के भोजन का गंभीर संकट गहरा गया है।घटनास्थल पर पहुँचे समाजसेवी केवट बाबूलाल बिंद ने किसानों की दुर्दशा देखते हुए गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने जिला प्रशासन और राजस्व विभाग से मांग की है कि तत्काल लेखपाल और कानूनगो को मौके पर भेजकर फसल के नुकसान का सर्वे कराया जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री राहत कोष और जिला प्रशासन से प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की अपील की है, ताकि पीड़ित परिवारों को इस आपदा से उबरने में मदद मिल सके। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *