हाथरस। जनपद हाथरस के थाना सादाबाद क्षेत्र में हुए केला व्यापारी लूटकांड का पुलिस ने सफल अनावरण कर दिया है। एंटी थेफ्ट टीम और थाना सादाबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मुठभेड़ के बाद एक बदमाश को गोली लगने से घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया, जबकि तीन अन्य अभियुक्तों को कांबिंग के दौरान पकड़ लिया गया।
पुलिस के अनुसार, 2 अप्रैल 2026 की रात करीब 10 बजे सादाबाद कस्बे के छावी मियां के बाग के पास बाइक सवार चार बदमाशों ने केला व्यापारी हरिओम से मारपीट कर करीब 4 लाख रुपये, सोने की अंगूठी, कड़ा और मोबाइल फोन लूट लिया था। इस संबंध में 3 अप्रैल को थाना सादाबाद में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पांच टीमों का गठन किया गया था। 4 अप्रैल को वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बदमाश फिर किसी वारदात की फिराक में हैं। इस पर पुलिस ने घेराबंदी की, लेकिन बदमाशों ने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें शिवम नामक अभियुक्त गोली लगने से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल भेजा गया। इसके अलावा पुलिस ने दीपू, रंजीत कुमार और पवन कुमार उर्फ चुन्ना को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस द्वारा अभियुक्तों के कब्जे से लूट का सामान बरामद करने की कार्यवाही की जा रही है तथा अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।


