जिला संवाददाता -विशाल गुप्ता एम डी न्यूज़ चैनल की खास रिपोर्ट

बाराबंकी। जनपद में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज 5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत थाना कोतवाली नगर परिसर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देशानुसार तथा अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) विकास चंद्र त्रिपाठी के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी नगर संगम कुमार के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम की अगुवाई थाना प्रभारी निरीक्षक श्री सुधीर कुमार सिंह द्वारा की गई, जिसमें मिशन शक्ति टीम की महिला उपनिरीक्षक श्रीमती किरण देवी, महिला आरक्षी प्रीति तिवारी एवं प्रीतु यादव भी उपस्थित रहीं।

इस अवसर पर यूपी बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन करने वाली छात्रा आंशिका तिवारी (कक्षा 12) एवं असना फातिमा (कक्षा 10) को सम्मानित किया गया
साथ ही जनपद की एकमात्र महिला ई-रिक्शा चालक गुड़िया को उनके संघर्ष और आत्मनिर्भरता के लिए विशेष रूप से सराहा गया।

कार्यक्रम की खास बात यह रही कि आंशिका तिवारी को एक दिन के लिए “मिशन शक्ति प्रभारी” बनाया गया, जहां उन्हें केंद्र के कार्यों और जिम्मेदारियों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस पहल का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता और जागरूकता बढ़ाना रहा।

इस दौरान उपस्थित महिलाओं और छात्राओं को विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई, जिनमें मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, वूमेन पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, एंबुलेंस सेवा 108 एवं स्वास्थ्य सेवा 102 शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं—जैसे सामूहिक विवाह योजना, कन्या सुमंगला योजना, वृद्धा पेंशन एवं विधवा पेंशन—के बारे में भी विस्तार से जानकारी प्रदान की गई

पुलिस अधिकारियों ने सभी सम्मानित प्रतिभाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *