संवाददाता जे पी सिंह
एम डी न्यूज़ अलीगढ

लोधा। थाना क्षेत्र के दिल्ली-कानपुर हाईवे पर मंगलवार दोपहर एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से एयरफोर्स के एक जवान की मौत हो गई। हादसे के बाद घायल को स्थानीय लोग अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
बताया गया कि खैर कस्बे की ब्लॉक कॉलोनी निवासी विशाल चौधरी (23) पुत्र कोमल सिंह बुलेट बाइक से खेरेश्वर होते हुए गभाना की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह लोधा क्षेत्र के खेड़ा खुशखबर पुल के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल को मैक्स गाड़ी से तत्काल एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। लेकिन मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान विशाल ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मेडिकल कॉलेज पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय विशाल ने हेलमेट नहीं पहना था। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि वह हेलमेट लगाए होते तो शायद उनकी जान बच सकती थी।
विशाल चौधरी का पैतृक गांव थाना गोंडा क्षेत्र के रजावल में है, जबकि वह वर्तमान में खैर की ब्लॉक कॉलोनी में रह रहे थे। वह अग्निवीर योजना के तहत एयरफोर्स में तैनात थे। उनकी पहले पोस्टिंग हैदराबाद में थी और हाल ही में चेन्नई स्थानांतरण हुआ था। वह 25 दिन की छुट्टी पर चार दिन पहले ही घर आए थे।
मृतक के पिता कोमल सिंह खैर की नवीन अनाज मंडी में कोमल ट्रेडर्स के नाम से आढ़त चलाते हैं। परिवार में माता-पिता और एक बहन है। विशाल परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी शादी की बातचीत चल रही थी और कई जगह से रिश्ते भी आ रहे थे। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
ये बोले….थानाध्यक्ष हेमंत मावी ने बताया कि अभी तक परिवार की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। सीसीटीवी कैमरों की मदद से अज्ञात वाहन का पता लगाया जा रहा है।
