धर्मेन्द्र कसौधन(राष्ट्रीय ब्यूरो)
महराजगंज, 14 अप्रैल 2026, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह द्वारा जिला खेल स्टेडियम में नव निर्मित वॉलीबॉल, लॉन टेनिस तथा बैडमिंटन कोर्ट का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मैदान में उगी झाड़ियों तथा फैली गंदगी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी (वि/रा) को निर्देशित किया कि नगर पालिका एवं पंचायत के सफाई कर्मियों की टीम गठित कर नियमित रूप से सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि खिलाड़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध हो सके।

उन्होंने लॉन टेनिस एवं वॉलीबॉल कोर्ट का निरीक्षण करते हुए कहा कि मैदान के चारों ओर मिट्टी भराई कर किनारों एवं पटरी को समतल किया जाए, जिससे खिलाड़ियों को किसी प्रकार की शारीरिक चोट न पहुंचे। इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि टेनिस बॉल को बाहर जाने से रोकने के लिए कोर्ट के चारों ओर मजबूत जाली लगाई जाए। बैडमिंटन हॉल के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि खिलाड़ी बेहतर ढंग से अभ्यास कर सकें।

जिलाधिकारी ने कहा कि खेल सुविधाओं का विकास युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए अत्यंत आवश्यक है, अतः सभी व्यवस्थाएं मानक के अनुरूप एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण की जाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कमियों को शीघ्र दूर कर खेल परिसर को पूर्ण रूप से क्रियाशील बनाया जाए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ. प्रशांत कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नवीन कुमार गोयल, उपजिलाधिकारी प्रेम शंकर पाण्डेय, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी, जिला क्रीड़ा अधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
