
एम डी न्यूज़ बहुआयामी समाज न्यूज़ चैनल जिला ब्यूरो चीफ रफीउल्लाह खान की रिपोर्ट रामपुर।
आज भारतीय जनता पार्टी कार्यालय पर जिला अध्यक्ष श्री हरीश गंगवार जी के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तय की गई। बैठक के दौरान सपा, कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों द्वारा नारी शक्ति वंदन अधिनियम के विरोध में मतदान किए जाने की कड़ी निंदा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष श्री हरीश गंगवार जी ने विपक्ष पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि “नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध कर सपा और कांग्रेस ने यह साफ कर दिया है कि उनकी कथनी और करनी में जमीन-आसमान का अंतर है। ये दल वर्षों से महिलाओं के नाम पर राजनीति करते आए हैं, लेकिन जब उन्हें सशक्त बनाने का ऐतिहासिक अवसर आया, तो उन्होंने उसका विरोध कर दिया।”
उन्होंने आगे कहा कि “यह अधिनियम देश की माताओं-बहनों को उनका हक दिलाने की दिशा में एक ऐतिहासिक और निर्णायक कदम है। लेकिन विपक्षी दलों ने अपने संकीर्ण स्वार्थ और वोट बैंक की राजनीति के चलते महिलाओं के अधिकारों को कुचलने का काम किया है। यह केवल एक विधेयक का विरोध नहीं, बल्कि देश की आधी आबादी के सपनों और सम्मान का विरोध है।”
श्री गंगवार ने कहा कि “अब समय आ गया है कि जनता इन दलों की असलियत को पहचाने। भारतीय जनता पार्टी इस मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाएगी और महिलाओं के अधिकारों के लिए हर स्तर पर संघर्ष करती रहेगी। आने वाले समय में जनजागरण अभियानों के माध्यम से विपक्ष की महिला विरोधी सोच को पूरी तरह बेनकाब किया जाएगा।”
उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरें, घर-घर संपर्क करें और महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए इस अभियान को जन आंदोलन का रूप दें।
बैठक में जिला उपाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता जी, विकास दीक्षित, कुँवर बहादुर राजपूत, विवेक रहेला, आकाश सक्सैना, शकुंतला लोधी, अशोक विश्नोई, पूजा शर्मा, मनु सक्सैना, भव्य उप्पल, कमल सिंह लोधी, नरेश सैनी, विक्रम सिंह, शुभम सक्सैना, लाल सिंह प्रजापति, हरिओम सैनी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।जिन्होंने एक स्वर में अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
