गौरव सक्सेना की खास रिपोर्ट एम डी न्यूज़ बरेली
बरेली में चलती ट्रेन से एक यात्री को धक्का देने का मामला सामने आया है। घायल यात्री ने चेकिंग के दौरान टीटी पर ट्रेन से धक्का देने का आरोप लगाया है। घायल यात्री की हालत नाजुक बनी हुई है, जिला अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। शाहजहांपुर जिले के थाना रोजा क्षेत्र के गांव हथोड़ा बुजुर्ग निवासी 35 वर्षीय शैलेश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। शैलेश ने आरोप लगाया कि बुधवार को वह अवध असम एक्सप्रेस से शाहजहांपुर से बरेली कमिश्नरी कोर्ट में तारीख लेने आ रहे थे। इसी दौरान कैंट थाना क्षेत्र में टिकट चेकिंग के दौरान टीटी संतोष कुमार ने उन्हें पकड़ लिया और 3500 जुर्माने की मांग की। शैलेश के मुताबिक, जब उन्होंने जुर्माना कम करने की बात कही तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान टीटी ने गुस्से में आकर उन्हें चलती ट्रेन से बरेली जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर धक्का दे दिया। चलती ट्रेन से गिरने के कारण शैलेश के पैर में फ्रैक्चर हो गया। कमर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद प्लेटफॉर्म पर काफी भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस के जरिए उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घायल की पत्नी पूनम ने अस्पताल पहुंचकर रोते हुए कहा कि अगर उनके पति के पास टिकट नहीं था तो वे जुर्माना भरने को तैयार थे, लेकिन इस तरह धक्का देना जानलेवा साबित हो सकता था। बताया कि शैलेश जन सेवा केंद्र चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार में सिर्फ पति-पत्नी ही हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *