मोहम्मद अशफाक एम डी न्यूज़ चैनल की खास रिपोर्ट

लखीमपुर खीरी। गोला तहसील के थाना मैलानी क्षेत्र अंतर्गत मोतीपुर गांव में 14 अप्रैल को हुए विवाद के बाद पीड़ित परिवारों की महिलाओं ने निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर प्रशासन के समक्ष आवाज उठाई है। महिलाओं ने उपजिलाधिकारी गोला को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपते हुए पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।

सीमा देवी, कुसुमा देवी, अर्चना देवी, शशी देवी समेत कई ग्रामीण महिलाएं गोला तहसील पहुंचीं। उपजिलाधिकारी की अनुपस्थिति में उन्होंने तहसीलदार को ज्ञापन देकर आरोप लगाया कि घटना के दिन कार्यक्रम स्थल पर स्थापित डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा को भूमि विवाद के नाम पर एक महिला चन्दा देवी द्वारा पुलिस से मिलकर प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किया गया।

महिलाओं के अनुसार, इस घटना से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। आरोप है कि विरोध कर रहे लोगों पर पुलिस ने बल प्रयोग किया, जिससे कई ग्रामीण घायल हो गए। साथ ही पुलिस पर घरों में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ करने के भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। घटना के बाद से गांव में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।

ग्रामीणों का कहना है कि जिस भूमि को लेकर विवाद बताया जा रहा है, उस स्थान पर वर्षों से अम्बेडकर जयंती सहित विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होते रहे हैं और संबंधित महिला का उस भूमि से कोई संबंध नहीं है।

पीड़ित पक्ष ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराई जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बहाल हो सके और प्रभावित परिवारों को न्याय मिल सके।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed